Patna Municipal Corporation ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। शहर में टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है, जिससे बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, शहर के 63,816 प्रॉपर्टी टैक्स होल्डर्स पर करीब 65 करोड़ 60 लाख रुपये का टैक्स बकाया है। इतनी बड़ी राशि की वसूली के लिए निगम ने स्पेशल ड्राइव शुरू किया है। खासतौर पर उन संपत्तिधारकों को प्राथमिकता पर नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिन पर 1 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। निगम ने साफ कर दिया है कि यह अंतिम चेतावनी होगी और समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई Bihar Municipal Act 2007 की धारा 155 के तहत की जाएगी। इसके अंतर्गत बैंक खाते की कुर्की, चल और अचल संपत्ति की जब्ती और नीलामी तक की कार्रवाई संभव है। साथ ही बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक करने की तैयारी भी की जा रही है।

अंचलवार आंकड़ों में सबसे ज्यादा बकाया नूतन राजधानी अंचल में दर्ज किया गया है, जहां 11,327 लोगों पर करीब 16.65 करोड़ रुपये बकाया हैं। बांकीपुर अंचल में 15.13 करोड़ रुपये, पाटलिपुत्र अंचल में 14.88 करोड़ रुपये और कंकड़बाग अंचल में 8.67 करोड़ रुपये का टैक्स लंबित है। इसके अलावा अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल में भी करोड़ों रुपये की देनदारी बाकी है।
नगर निगम ने 685 बड़े बकायेदारों की पहचान की है, जिन पर 1 लाख रुपये से अधिक टैक्स बकाया है। वहीं 5,000 रुपये से अधिक बकाया रखने वालों से निगम मुख्यालय के कंट्रोल रूम के जरिए संपर्क कर जल्द भुगतान करने को कहा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल राजस्व वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि टैक्स व्यवस्था को अनुशासित करने की दिशा में भी अहम कदम है।
@MUSKAN KUMARI





