बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रजापति समाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रविवार को बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति की ओर से आयोजित आभार-सह-सम्मान समारोह में शामिल हुए निशांत ने कहा कि प्रजापति समाज के मान-सम्मान, हुनर और अधिकारों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
समारोह को संबोधित करते हुए निशांत ने कहा कि प्रजापति समाज से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों का सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और राजनीतिक सशक्तिकरण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि एनडीए ने विधान परिषद की 9 सीटों में से 5 सीटों पर अति पिछड़ा समाज को प्रतिनिधित्व दिया है। इनमें प्रजापति समाज को दो सीटें मिलना समाज की राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत करता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज पीढ़ियों से मिट्टी को आकार देकर बिहार की संस्कृति और परंपराओं को समृद्ध करता आया है। समाज की मेहनत, हुनर और योगदान को उचित सम्मान मिलना बेहद सुखद है।
निशांत ने कहा कि उनके पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए अति पिछड़ा समाज के सम्मान और उत्थान को प्राथमिकता दी है। शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में हुए कार्य इसी सोच का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने की दिशा में सरकार आगे भी लगातार काम करती रहेगी और समाज के मान-सम्मान व अधिकारों के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमेशा कायम रहेगी।
@MUSKAN KUMARI





