बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में शुक्रवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की कैबिनेट से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। पोर्टफोलियो आवंटन को लेकर नाराजगी जताते हुए रेड्डी ने मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि वह अपनी अंतरात्मा के खिलाफ काम नहीं कर सकते, इसलिए मंत्री पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह विधायक बने रहेंगे और कांग्रेस पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में रेड्डी ने कहा कि उन्हें बेंगलुरु विकास विभाग दिए जाने का आश्वासन मिला था, लेकिन पोर्टफोलियो आवंटन में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें दो बार इस विभाग का वादा किया गया था, लेकिन दोनों ही बार आधिकारिक सूची में बदलाव कर दिया गया।
दरअसल, रामलिंगा रेड्डी को जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई, जबकि बेंगलुरु विकास विभाग कृष्णा बायरे गौड़ा को सौंपा गया। इसी को लेकर रेड्डी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपनी “अंतरात्मा” के खिलाफ काम नहीं कर सकते।
बेंगलुरु की विभिन्न विधानसभा सीटों से आठ बार विधायक रहे रेड्डी ने कहा कि उन्होंने कभी मंत्री पद की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि वह पिछले 53 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और इस दौरान संगठन तथा सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों एम. वीरप्पा मोइली और एस. एम. कृष्णा के नेतृत्व वाली सरकारों में भी मंत्री के रूप में काम किया है।
वहीं, रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि इस मुद्दे का समाधान निकाल लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रेस वार्ता से पहले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि ने रेड्डी को पार्टी नेतृत्व से बातचीत करने और प्रेस कॉन्फ्रेंस टालने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वरिष्ठ नेता अपने रुख पर कायम रहे।
रेड्डी के इस्तीफे को कांग्रेस सरकार के भीतर बढ़ते असंतोष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और पार्टी नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।
@MUSKAN KUMARI





