पीएम मोदी और पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन, महंगाई पर सरकार को घेरा
पटना। पेट्रोलियम पदार्थों और घरेलू एवं कमर्शियल रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ मंगलवार को पटना साहिब में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय बॉली मोड़ से निकाला गया विशाल “आक्रोश मार्च” अशोक राजपथ होते हुए पश्चिम दरवाजा मोड़ पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन किया।
आक्रोश मार्च के दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “गैस मूल्य वृद्धि वापस लो”, “महंगाई पर रोक लगाओ” और “अच्छे दिन नहीं, पुराने दिन लौटा दो” जैसे नारे लिखे थे। पुतला दहन के बाद पश्चिम दरवाजा मोड़ पर विरोध सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व राजद नेता बलराम चौधरी, मोहम्मद जावेद, रजनीश राय और सीपीआई नेता देव रतन प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युद्ध जैसी परिस्थितियों का बहाना बनाकर पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा रही है, जिससे घरेलू और कमर्शियल गैस की कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है।

नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और महिलाओं के लिए घर का बजट संभालना कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
महागठबंधन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई, तो आने वाले दिनों में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में राजद, भाकपा माले और सीपीआई के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में इकबाल अहमद, श्री राम नारायण सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, शत्रुघ्न यादव, कुणाल राणा, एजाजुद्दीन उर्फ शानू, शंभू शरण प्रसाद और अन्य नेताओं की मौजूदगी रही।
@MUSKAN KUMARI






