पूर्वी चंपारण में भू-माफिया पर शिकंजा, मुखिया रामएकबाल यादव गिरफ्तार

दो दर्जन से अधिक मामलों में वांछित आरोपी दबोचा गया, पुलिस सिंडिकेट की जांच में जुटी

 

पूर्वी चंपारण जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंझरिया पंचायत के वर्तमान मुखिया और कुख्यात भू-माफिया रामएकबाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में आपराधिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर जमीन फर्जीवाड़ा समेत कई गंभीर मामलों में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। खासकर मलाही थाना में उसके खिलाफ 16 मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बचता रहा था।

यह कार्रवाई अरेराज थाना पुलिस ने प्रत्याशा कुमारी के नेतृत्व में की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अनुमंडल कार्यालय के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान अपर थाना अध्यक्ष रमेन्द्र कुमार का भी सहयोग रहा।

जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है और वह बाहुबली छवि के साथ भू-माफिया के रूप में सक्रिय था। फिलहाल पुलिस उसकी पूरी ‘आपराधिक कुंडली’ खंगाल रही है, ताकि जमीन हड़पने के नेटवर्क और अन्य अवैध गतिविधियों का खुलासा किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि जिले में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल