पूर्णिया, बिहार: जिले के चम्पानगर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासनिक टीम पर हिंसक हमला होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने तीर, भाला, लाठी और ईंट-पत्थरों से पुलिस बल को निशाना बनाया, जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी बताए जा रहे हैं।
घटना केनगर अंचल के मौजा प्रसादपुर की है, जहां लगभग 11.28 एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोर्ट और प्रशासन के आदेश पर कार्रवाई की जा रही थी। यह जमीन विक्रमपट्टी कवैया निवासी सुधीर ऋषि की बताई जा रही है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायत थी।
जानकारी के अनुसार, कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने हिंसक रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने तीर-धनुष, भाला, लाठी और पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान चम्पानगर थाना में पदस्थापित जवान शंकर पासवान के गले में तीर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले श्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई की और एक महिला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और विवादित जमीन को पूरी तरह घेराबंदी में ले लिया गया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर जमीन विवादों के दौरान कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को उजागर करती है।
@MUSKAN KUMARI





