बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बार नवादा जिले में तस्करों ने फिल्म पुष्पा की तर्ज पर ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। शराब की बड़ी खेप को दूध ढोने वाले मिनी कंटेनर वाहन में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
गोविंदपुर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक दूध के मिनी कंटेनर पर शक होने पर उसकी तलाशी ली गई। जांच में दूध रखने वाले हिस्से से विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई।

मौके से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब की खेप झारखंड से बेगूसराय ले जाई जा रही थी। बरामद शराब की कीमत करीब ₹8 से ₹9 लाख आंकी गई है।
दूध के कंटेनर से शराब निकलते देख मौके पर मौजूद लोग भी दंग रह गए। उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
@MUSKAN KUMARI





