पटना में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के अभियान के तहत बाईपास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टेंट सिटी रोड स्थित एक गोदाम में अवैध विदेशी शराब के भंडारण और तस्करी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम से शराब को दो पिकअप वाहनों में लोड किए जाने की सूचना मिलने पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और 266 कार्टून में रखी 2,365.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की जांच और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि शराब सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
@MUSKAN KUMARI





