पटना के बापू टावर सभागार में रविवार को सोनी कला केंद्र, पटना द्वारा आयोजित “महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह-2026” गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण का संदेश देना था।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर रामलाल खेतान, आशीष आदर्श, राजेश रंजन, प्रो. डॉ. वीरेंद्र प्रसाद, जगजीवन सिंह, मुकेश कुमार, रीना यादव, डॉ. प्रीतांजली सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लखनऊ घराने की कथक नृत्यांगना सपना सिंह की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। ईनर्जी योग हीलिंग सेंटर की आर्टिस्टिक योगा प्रस्तुति के साथ लोकगायिका चंचल चारु और डॉ. विनीता कुमारी के गीतों ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाया। महिला कलाकारों के समूह नृत्य को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, समान अवसर और नेतृत्व को सशक्त समाज की नींव बताया। समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अनेक महिलाओं को “महिला सशक्तिकरण सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सोनी कला केंद्र के सचिव धीरज कुमार ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सम्मानित महिलाओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन महिला सम्मान, स्वाभिमान और सशक्त भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ।
@MUSKAN KUMARI






