पटना में दिनदहाड़े घर में घुसे हथियारबंद बदमाश, युवक को गोली मारने की धमकी; CCTV वीडियो से फैली दहशत

पटना

राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला जानीपुर थाना क्षेत्र के गाजा चक महमदपुर गांव का है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक महिला के घर में घुसकर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भय का माहौल बन गया है।

पीड़िता किरण कुमारी, पति नागेंद्र प्रसाद (लगभग 50 वर्ष), ने बताया कि 13 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे गांव के ही कुछ लोग हथियारों के साथ उनके घर पर पहुंचे। आरोप है कि प्रवीण कुमार उर्फ विक्कू, अक्षय कुमार उर्फ चिक्कू और आशुतोष कुमार उर्फ कुन्नू अपने साथ 5-7 अज्ञात लोगों को लेकर आए थे। सभी आरोपी पिस्टल, पाइप गन और धारदार हथियारों से लैस थे।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी घर के बाहर खड़े होकर उनके बेटे निखिल कुमार उर्फ “इंजीनियर” को गालियां देते हुए बाहर बुला रहे थे और खुलेआम धमकी दे रहे थे कि जहां भी वह मिलेगा, उसे गोली मार देंगे। घटना से घबराकर महिला ने अपने बेटे को फोन कर डायल 112 पर सूचना देने को कहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

इस घटना से जुड़ा कथित CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हथियारों के साथ घर के बाहर हंगामा करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और उन्होंने जानीपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

इस वारदात के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल