पटना में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कंकड़बाग इलाके में कंकड़बाग टेम्पो स्टैंड के पास शालीमार स्वीट्स के समीप स्थित आँचल अलंकार ज्वेलर्स के मालिक दीपक कुमार को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक शटर खोलकर दुकान के अंदर घुस गया। उस वक्त दीपक कुमार और उनकी पत्नी दुकान में मौजूद थे। बदमाश के हाथ में पिस्टल देखकर दोनों ने विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की।
इसी दौरान पिस्टल छीनने के प्रयास में गोली चल गई, जो दीपक कुमार के पेट में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, एक बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुआ था, जबकि उसका एक साथी बाहर मौजूद था।

अपराधियों की मंशा फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घायल दुकानदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लूट और आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





