पटना में ‘जनगणना 2027’ के प्रथम चरण का शुभारंभ, डिजिटल व्यवस्था पर जोर

पटना। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने शनिवार को दानापुर निजामत नगर परिषद के रामजी चक क्षेत्र से ‘जनगणना 2027’ के प्रथम चरण की शुरुआत की। इस चरण के तहत मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सटीक आंकड़ों की अहम भूमिका होती है।

जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पटना जिले को दो प्रशासनिक इकाइयों में विभाजित किया गया है। पटना नगर निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को दी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य नगर निकायों सहित कुल 40 चार्जों की जिम्मेदारी जिला पदाधिकारी स्वयं प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में संभाल रहे हैं।

Ad.
Ad.

 

जिले में जनगणना के लिए 8,114 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। डेटा संग्रहण के लिए 7,963 प्रगणकों और 1,343 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए रिजर्व पूल भी तैयार किया गया है।

डॉ. त्यागराजन ने बताया कि ‘जनगणना 2027’ देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। इस बार डेटा संग्रहण और विश्लेषण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा भी दी गई है, जिसके तहत लोग ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। पटना जिले में अब तक करीब 2.5 लाख परिवार स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर चुके हैं।

डेटा सुरक्षा को लेकर जिला पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं एवं नीति निर्माण के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर अस्पताल, विद्यालय, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की योजनाएं तैयार की जाएंगी।

कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने नागरिकों और मीडिया से इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से सही जानकारी उपलब्ध कराने और अफवाहों से बचने का आग्रह किया।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल