बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने नगर विकास एवं आवास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजीव कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शनिवार सुबह से ही पटना समेत तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
SVU ने राजीव कुमार के खिलाफ 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 271 रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद टीम ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहला ठिकाना पटना के रामनगरी स्थित सुमित गृहम अपार्टमेंट (वेस्ट ब्लॉक) का फ्लैट नंबर B-202 है, जहां राजीव कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। दूसरा स्थान दानापुर के खगौल रोड स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 807 है, जहां भी टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।
इसके अलावा तीसरा ठिकाना पंत भवन के छठे फ्लोर पर स्थित उनका सरकारी कार्यालय है, जहां भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। SVU अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
@MUSKAN KUMARI







