पटना: राजधानी पटना में सोमवार को एक दिलचस्प राजनीतिक दृश्य देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र एवं मंत्री निशांत कुमार तथा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का काफिला पी. मंडल चौक पर अचानक आमने-सामने आ गया। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने राहगीरों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे दोनों नेताओं के काफिले चौक पर पहुंचे। काफिलों के आमने-सामने आने के बाद दोनों नेता अपनी-अपनी गाड़ियों से बाहर निकले और एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार का हालचाल जाना, जबकि निशांत कुमार ने उनका आशीर्वाद लिया।
बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक आत्मीय बातचीत भी हुई। हालांकि बातचीत के विषय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और समर्थकों की निगाहें इस मुलाकात पर टिकी रहीं।

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इसे एक संयोगवश हुई भेंट माना जा रहा है, लेकिन बिहार की राजनीति में इसे अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में निशांत कुमार की सार्वजनिक गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। वे सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। इसी वर्ष उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली और वे विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) भी निर्वाचित हुए हैं। उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
@MUSKAN KUMARI






