गाजियाबाद:
बिहार के पटना के रहने वाले पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक शर्मा की उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप बैंक के गार्ड रवींद्र हुड्डा पर लगाया गया है, जो घटना के बाद राइफल लेकर अपने एक साथी के साथ फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी गार्ड पिछले कई दिनों से छुट्टी की मांग कर रहा था। छुट्टी नहीं मिलने से नाराज होकर उसने बैंक मैनेजर के साथ विवाद के बाद यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
सीने में मारी गोली, बैंक में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान गार्ड रवींद्र हुड्डा ने अचानक डबल बैरल बंदूक से बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े।
बैंक के अंदर गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व ग्राहक दहशत में आ गए। इसी बीच आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ राइफल लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने घायल मैनेजर को बाइक से अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
यह पूरी घटना गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके में हुई।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना से जुड़ा बैंक गेट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में आरोपी गार्ड अपने साथी के साथ नजर आ रहा है। कुछ मिनट बाद बैंक कर्मचारी घायल मैनेजर को उठाकर बाहर ले जाते दिखाई देते हैं।

गाजियाबाद में पत्नी के साथ रहते थे अभिषेक
मृतक अभिषेक शर्मा बिहार के पटना जिले के फुलवारीशरीफ स्थित लखीमपुर के निवासी थे। वह अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। घटना की जानकारी उनके परिवार और पत्नी को दे दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शी आरएन पांडेय ने बताया:
“मैं बैंक में काम से आया था। अंदर जाने ही वाला था कि गोली चलने की आवाज सुनकर रुक गया। तभी एक व्यक्ति हाफ पैंट और टी-शर्ट में बाहर निकलता दिखा। उसके हाथ में बंदूक थी। उसके साथ एक और व्यक्ति था, जिसने कुर्ता-पैंट और सिर पर पगड़ी पहन रखी थी। दोनों बैंक से बाहर निकलकर मेन रोड पर खड़ी बाइक से फरार हो गए।”
छुट्टी के विवाद में हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, आरोपी रवींद्र हुड्डा यूपी के बागपत जिले के मंसूरपुर गांव का रहने वाला है। करीब तीन महीने पहले ही उसकी नौकरी पंजाब एंड सिंध बैंक में लगी थी।
सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो मैनेजर अभिषेक शर्मा ने उसे फोन कर ड्यूटी पर आने के लिए कहा। दोपहर करीब 1:45 बजे वह डबल बैरल बंदूक लेकर बैंक पहुंचा, जहां छुट्टी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर मैनेजर के सीने में गोली मार दी।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे घटनास्थल की जांच की जा रही है।
DCP सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वहीं ACP ज्ञान प्रकाश राय ने कहा कि आरोपी गार्ड और मैनेजर के बीच काफी समय से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







