पटना। राजधानी पटना के गांधी मैदान स्थित बिस्कोमान भवन में शनिवार तड़के अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब चार बजे भवन की 13वीं मंजिल पर आग भड़क उठी। सबसे पहले वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने धुआं उठते देखा और बाहर निकलने पर 13वें फ्लोर की खिड़कियों से तेज लपटें निकलती दिखाई दीं। इसके बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग ऊपरी मंजिल तक ही सीमित रही, जिससे निचली मंजिलों पर स्थित कार्यालयों को तत्काल कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बहुमंजिला इमारत होने के कारण हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना तड़के हुई, जिससे भवन में लोगों की मौजूदगी कम थी और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के बाद आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

क्या है बिस्कोमान भवन?
गांधी मैदान के पश्चिमी छोर पर स्थित 18 मंजिला बिस्कोमान भवन का निर्माण वर्ष 1971 में हुआ था। यह पटना की प्रमुख पहचान वाली इमारतों में से एक है। भवन में बिहार सरकार, केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों के अलावा निजी संस्थानों और शैक्षणिक संगठनों के दफ्तर भी संचालित होते हैं। लंबे समय तक यह राजधानी की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल रहा है और शहर के विहंगम दृश्य के लिए भी प्रसिद्ध है।
फिलहाल प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद फॉरेंसिक और तकनीकी टीमों की मदद से विस्तृत जांच की जाएगी, वहीं नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






