पटना। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल इनामी बदमाश संतोष यादव उर्फ संतोष डॉन से जुड़े करीब 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई पटना जिले के खुशरूपुर क्षेत्र समेत कई इलाकों में की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, संतोष डॉन से जुड़े खुशरूपुर प्रखंड के चौड़ा, सुकरबेगचक, पचरुखिया, मुस्तफापुर और जगमालबीघा समेत कई गांवों के अलावा नालंदा जिले के खिदरचक सहित अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।

अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित दस्तावेजों, चल-अचल संपत्तियों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, कई मामलों में वांछित संतोष यादव उर्फ संतोष डॉन के नेटवर्क और उससे जुड़ी संपत्तियों की जांच के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई के बाद खुशरूपुर और आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
@MUSKAN KUMARI





