राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर में बुधवार को संभावित आतंकी हमले से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए हाई अलर्ट के बीच मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वायरलेस पर मंदिर परिसर में तीन संदिग्ध आतंकियों के घुसने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस, जिला बल और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए किया गया अभ्यास था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मंदिर परिसर को घेर लिया और ATS ने तय रणनीति के तहत ऑपरेशन चलाकर संभावित आतंकी हमले से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों की मदद करने और खतरे को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, मॉक ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि यह एक नियमित सुरक्षा अभ्यास था।
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी समय-समय पर इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाती रहेंगी।
@MUSKAN KUMARI





