मोकामा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित जदयू विधायक अनंत सिंह ने रविवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की। ललन सिंह के आवास पर हुई इस मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि अनंत सिंह ने इससे पहले 20 अगस्त को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी। उस मुलाकात की तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें नीतीश कुमार खुद अपने आवास के बाहर तक अनंत सिंह को छोड़ने आते दिखाई दिए थे।
अनंत सिंह और नीतीश कुमार के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध रहे हैं। अनंत सिंह को नीतीश कुमार का पुराना सहयोगी माना जाता है। वहीं, ललन सिंह से भी उनके पुराने संबंध रहे हैं।

हाल के दिनों में अनंत सिंह के कई राजनीतिक बयान सुर्खियों में रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद उन्होंने कहा था कि बिहार के लोगों के बीच यह संदेश गया है कि नीतीश कुमार को जबरदस्ती मुख्यमंत्री पद से हटाया गया। इसके अलावा उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर भी चिंता जताई थी।
अनंत सिंह वर्ष 2005 में पहली बार जदयू के टिकट पर मोकामा से विधायक निर्वाचित हुए थे और तब से बिहार की राजनीति में मोकामा के प्रभावशाली नेताओं में उनकी पहचान रही है। अब नीतीश कुमार के बाद ललन सिंह से उनकी मुलाकात ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
@MUSKAN KUMARI





