पटना,
बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत नालंदा विधानसभा सीट से विधायक श्रवण कुमार को जनता दल (यूनाइटेड) विधायक दल का नेता चुना गया है। इस निर्णय पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मुहर लगने के बाद विधानसभा की ओर से आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
दरअसल, बीते रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर जदयू नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विधायक दल के नेता के चयन को लेकर चर्चा हुई। बैठक में जदयू विधायकों ने पहले ही श्रवण कुमार को नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया था। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति मिलने के साथ ही उनके नाम को औपचारिक रूप से विधानसभा भेज दिया गया।
इसी बीच, नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी जदयू कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। श्रवण कुमार के चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा निर्णय है और उन्होंने उन्हें बधाई दी।
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार सरकार ने हाल ही में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों के तहत श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। यह फैसला अप्रैल 2026 में लागू नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत लिया गया है।
@MUSKAN KUMARI







