नालंदा: बिहार थाना क्षेत्र में बस स्टॉपेज को लेकर हुआ विवाद सोमवार को हिंसक हो गया। निचली किलागढ़ मोहल्ले में यादव छात्रावास के पास 10 से 12 युवकों ने बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही यात्री बस को घेरकर हमला कर दिया।
आरोप है कि युवकों ने पहले बस की चाबी जबरन निकाल ली और इसके बाद चालक नीतीश कुमार और खलासी पप्पू यादव की लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से पिटाई कर दी। हमलावरों ने बस के अंदर घुसकर भी मारपीट की और शीशे तोड़ते हुए जमकर तोड़फोड़ की।

हमले में चालक और खलासी घायल हो गए। आरोप है कि खलासी के पास डीजल भराने के लिए रखे करीब 5 हजार रुपये भी छीन लिए गए। अचानक हुए हमले से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
चालक के मुताबिक, यादव छात्रावास के पास सड़क किनारे कुछ युवक खड़े थे। उन्हें यात्री समझकर उसने बस रोकी थी। इसी दौरान युवकों ने बस की चाबी निकाल ली और कुछ ही देर में अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चालक ने इस घटना को रक्षाबंधन के दिन हुए पुराने विवाद से भी जोड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





