मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत निर्मित सड़क और पुलिया महज दो महीने के भीतर ही बदहाल हो गई है। जिस सड़क को ग्रामीण विकास और बेहतर संपर्क का प्रतीक बताया जा रहा था, वह अब कथित भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण की मिसाल बनकर खड़ी है। सड़क की परतें उखड़ रही हैं, पुलिया में दरारें पड़ गई हैं और कई जगहों पर निर्माण सामग्री बिखरी हुई दिखाई दे रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मामला पताही प्रखंड के परसौनी कपूर से बोकाने कला पंचायत को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनी सड़क का है। जानकारी के अनुसार, शिव मंदिर से रामपुर मनोरथ तक करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क और पुलिया का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के लगभग 60 दिनों के भीतर ही सड़क की गुणवत्ता की पोल खुल गई। सड़क के बीचों-बीच गहरी दरारें उभर आई हैं, जबकि पुलिया के कई हिस्सों में टूट-फूट साफ दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। लोगों का कहना है कि सड़क और पुलिया की वर्तमान स्थिति देखकर यह विश्वास करना मुश्किल है कि इस परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए होंगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसका परिणाम अब सामने है।

मामले में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। निर्माण स्थल पर लगाए गए सरकारी सूचना बोर्ड में योजना की प्राक्कलित राशि का उल्लेख नहीं है। ऐसे में ग्रामीण यह जानना चाहते हैं कि आखिर कितनी लागत से सड़क का निर्माण हुआ और किस आधार पर निर्माण कार्य को संतोषजनक मानते हुए भुगतान किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क की ऊपरी परत हाथ से उखड़ती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे जनता के पैसे की बर्बादी और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना समुचित जांच और गुणवत्ता परीक्षण के ही ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क और पुलिया की तकनीकी जांच नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI






