गया: जिले के फतेहपुर और मोहनपुर प्रखंड के सीमावर्ती इलाकों में दो जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले 48 घंटों से दोनों हाथी जंगलों में लगातार विचरण कर रहे हैं, जिसके बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों हाथी अपने मूल झुंड से बिछड़कर इस इलाके में पहुंच गए हैं। अपरिचित क्षेत्र होने के कारण वे लगातार अपना स्थान बदल रहे हैं, जिससे उन्हें सुरक्षित दिशा में ले जाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। पिछले 36 घंटों से विभाग की टीमें रेस्क्यू अभियान चलाकर हाथियों को बिना किसी नुकसान के झारखंड के जंगलों की ओर वापस भेजने की कोशिश कर रही हैं।

मंगलवार देर शाम तक दोनों हाथियों की लोकेशन फतेहपुर और मोहनपुर की सीमा से सटे जंगलों में मिली, जिसके बाद वन विभाग ने गश्त और निगरानी और बढ़ा दी। जंगलों और आसपास के गांवों में टीमों को लगातार तैनात रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी स्थिति में हाथियों के पास न जाएं, उन्हें घेरने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है और हाथियों को आक्रामक बना सकता है। यदि हाथी किसी गांव या आबादी वाले क्षेत्र की ओर बढ़ते दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने को कहा गया है।
फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता दोनों जंगली हाथियों को सुरक्षित तरीके से उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाना है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में वन विभाग की टीमें लगातार चौकसी बरत रही हैं।
@MUSKAN KUMARI





