बागेश्वर धाम के प्रमुख पुजारी और कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन नहीं करने की अपील को लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कोलकाता के भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कर FIR की मांग की है।
कांग्रेस का आरोप है कि 5 सितंबर को हावड़ा के लिलुआ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे समाज में अशांति फैल सकती है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद ने पुलिस से मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन करने वाले बंगालियों को लेकर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक है। पार्टी ने धीरेंद्र शास्त्री से पश्चिम बंगाल के लोगों से माफी मांगने की भी मांग की है।
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने लिलुआ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिंदुओं से दुर्गा पूजा के समय शाकाहारी भोजन करने की अपील की थी। इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दलों का आरोप है कि ऐसे बयानों के जरिए बंगाल की संस्कृति और परंपराओं को लेकर विवाद पैदा किया जा रहा है।
वहीं, पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने भी धीरेंद्र शास्त्री का नाम लिए बिना इस तरह की अपील को खारिज किया है। फिलहाल, पुलिस की ओर से शिकायत पर FIR दर्ज किए जाने या किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
@MUSKAN KUMARI





