गया: बिहार के चर्चित दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड में लापरवाही बरतने के आरोप में गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। शेरघाटी थाना के थानाध्यक्ष मोहन कुमार और चौकीदार देवेंद्र कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की जांच रिपोर्ट में थाना स्तर पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि दिव्या कुमारी के अपहरण मामले में पीड़िता के अनुसूचित जाति (SC/ST) समुदाय से होने की जानकारी होने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करते समय एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराएं नहीं जोड़ी गईं।

प्राथमिक जांच के अनुसार, इस चूक का सीधा लाभ आरोपियों को मिला और कम धाराएं लगाए जाने के कारण उन्हें अदालत से जमानत मिल गई। इसे गंभीर विभागीय लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित थानाध्यक्ष और चौकीदार को निलंबित कर दिया।
गया पुलिस की इस कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले की विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





