बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार 17 जुलाई को दिल्ली स्थित अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश करेंगे। उन्हें राजधानी के सुनहरी बाग रोड पर स्थित बंगला नंबर-9 आवंटित किया गया है, जो केंद्र सरकार की सबसे उच्च श्रेणी के Type-8 सरकारी आवासों में शामिल है।
करीब तीन एकड़ में फैले इस विशाल बंगले में 8 बेडरूम, बड़ा लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, विस्तृत लॉन और गार्डन के साथ कर्मचारियों के लिए 6 स्टाफ क्वार्टर की सुविधा है। वीवीआईपी सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इस आवास को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
सुनहरी बाग दिल्ली का हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। इसी इलाके में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के सरकारी आवास भी स्थित हैं। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार का नया आवास अमित शाह के बंगले से करीब 150 मीटर और राहुल गांधी के आवास से लगभग 100 मीटर की दूरी पर है। नीतीश कुमार को Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है और दिल्ली में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ संभालेगी।

Type-8 सरकारी बंगले देश के सबसे बड़े और सुविधासंपन्न सरकारी आवास माने जाते हैं। ये आमतौर पर वरिष्ठ मंत्रियों, पूर्व शीर्ष पदाधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों को आवंटित किए जाते हैं।
नीतीश कुमार का गृह प्रवेश ऐसे समय हो रहा है, जब संसद का आगामी सत्र भी प्रस्तावित है। राज्यसभा सांसद के रूप में उनके संसद की कार्यवाही में शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक जानकार इसे उनके राष्ट्रीय राजनीतिक जीवन के नए चरण की शुरुआत के रूप में भी देख रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI





