दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा का कार्यकाल अंतिम चरण में, उत्तराधिकारी को लेकर सस्पेंस बरकरार

 

 

नई दिल्ली।

दिल्ली पुलिस के मौजूदा कमिश्नर संजय अरोड़ा का तीन साल का कार्यकाल 1 अगस्त 2025 को समाप्त हो रहा है। लेकिन, उनके उत्तराधिकारी के नाम को लेकर अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में राजधानी दिल्ली को अगला पुलिस कमिश्नर कौन मिलेगा, इस पर सस्पेंस लगातार बना हुआ है।

इस बीच, दिल्ली पुलिस की फोर्थ बटालियन ने अरोड़ा के सम्मान में फेयरवेल सेरेमोनियल परेड की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को इसके लिए बाकायदा ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। यह इशारा करता है कि संजय अरोड़ा के कार्यकाल के समापन की पूरी संभावना है, लेकिन अंतिम फैसला अब भी अधर में है।

कुछ वैसी ही स्थिति 31 जुलाई 2022 को भी बनी थी जब तत्कालीन कमिश्नर राकेश अस्थाना का कार्यकाल खत्म हो रहा था। उन्होंने दिल्ली पुलिस में एक साल के कार्यकाल में कई उल्लेखनीय कार्य किए थे और उनका यह मानना था कि उन्हें सेवा विस्तार मिलेगा। सोशल मीडिया पर उनके एक्सटेंशन की चर्चा भी जोरों पर थी। लेकिन, आखिरी समय में आईटीबीपी के डीजी संजय अरोड़ा को नया कमिश्नर नियुक्त कर दिया गया था।

इतना अचानक बदलाव हुआ कि अस्थाना और अरोड़ा के बीच कार्यभार हस्तांतरण तक नहीं हो सका। अस्थाना का कार्यकाल रविवार को समाप्त हुआ और 1 अगस्त 2022 को संजय अरोड़ा ने पदभार संभाल लिया, जब तक अस्थाना पूर्व कमिश्नर बन चुके थे।

फिर मिल सकता है एक्सटेंशन?

सूत्रों की मानें तो मौजूदा स्थिति कुछ-कुछ वैसी ही है। इस बार संसद का सत्र 21 अगस्त तक चल रहा है और केंद्र सरकार की पूरी ऊर्जा फिलहाल वहीं केंद्रित है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि संजय अरोड़ा को अस्थायी रूप से सेवा विस्तार (extension) दिया जा सकता है।

पुलिस महकमे से जुड़े कुछ अफसरों का कहना है कि पिछले कुछ समय से अरोड़ा को एक्सटेंशन देने की “बातचीत” और “माहौल” बनाना शुरू कर दिया गया था। ऐसे में जब तक सरकार की ओर से कोई औपचारिक आदेश नहीं आता, तब तक सबकी नजरें गृह मंत्रालय पर टिकी रहेंगी।

दिल्ली पुलिस के अगले मुखिया को लेकर बना रहस्य अभी बरकरार है। क्या संजय अरोड़ा को एक्सटेंशन मिलेगा या फिर कोई नया चेहरा कमान संभालेगा—इस पर फैसला आने वाले कुछ घंटों या दिनों में हो सकता है। तब तक पुलिस मुख्यालय और राजनीतिक गलियारों में उम्मीद और अटकलों का दौर जारी रहेगा।

 

 

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल