नई दिल्ली।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को राजधानी दिल्ली के दौरे पर रहेंगे, जहां उनकी मुलाकात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से होगी। इस अहम बैठक में बिहार की करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं को लेकर वित्तीय मंजूरी और बजट आवंटन पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से स्वीकृति और आर्थिक सहयोग की मांग की जाएगी, जिससे रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा अरवल–बिहारशरीफ सड़क परियोजना, बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखेंगे, जिससे मिथिलांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हो सके।
सरकार का लक्ष्य इन परियोजनाओं को शीघ्र वित्तीय मंजूरी दिलाकर निर्माण कार्य को गति देना है। हालांकि दौरे का आधिकारिक एजेंडा सड़क और पुल परियोजनाओं पर केंद्रित है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे विकास और राजनीति—दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






