दरभंगा–वाराणसी वंदे भारत की तैयारी तेज, बिहार-यूपी कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम

पटना/नई दिल्ली:

बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की एक नई सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रस्तावित ट्रेन को दरभंगा से वाराणसी तक चलाने की योजना है, जिसे लेकर रेलवे अधिकारियों के बीच मंथन जारी है।

रेलवे के समस्तीपुर मंडल द्वारा इस सेमी हाईस्पीड ट्रेन के लिए दो संभावित रूट पर विचार किया जा रहा है। पहला रूट दरभंगा से समस्तीपुर, बरौनी, मोकामा और पटना होते हुए वाराणसी तक का है। हालांकि, इस मार्ग पर पहले से अधिक ट्रैफिक होने के कारण इसकी संभावना कम मानी जा रही है।

दूसरा और ज्यादा संभावित रूट दरभंगा से मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हाजीपुर, छपरा और बलिया होते हुए वाराणसी तक का बताया जा रहा है। इस रूट पर टाइम टेबल को लेकर अधिकारियों के बीच चर्चा जारी है।

मुजफ्फरपुर को मिल सकती है तीसरी वंदे भारत

यदि ट्रेन मुजफ्फरपुर रूट से चलाई जाती है, तो यह शहर की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। इससे पहले गोरखपुर से पाटलिपुत्र और जोगबनी से दानापुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें भी मुजफ्फरपुर होकर गुजरती हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने का आश्वासन दिया था। उसी कड़ी में अब दरभंगा से इस ट्रेन के परिचालन की योजना आगे बढ़ाई जा रही है।

यात्रियों को होगा बड़ा फायदा

रेलवे आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल जयनगर से वाराणसी के लिए सीमित ट्रेनें उपलब्ध हैं, जबकि काशी विश्वनाथ मंदिर के कारण उत्तर बिहार से वाराणसी जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है।

ऐसे में नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा, साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन भी पहले से अधिक सुगम हो सकेगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल