बिहार के Darbhanga जिले के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। एक युवक पर आरोप है कि उसने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान फूल कुमारी दास (30), ह्रदय दास (7), संध्या दास (6) और सोन दास (5) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दालकोला इलाके का रहने वाला था और मजदूरी के सिलसिले में दरभंगा में किराये के मकान में रह रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि आरोपी पति संदीप दास उर्फ बिल्टू दास ने डंडा और लोहे की रॉड से हमला कर पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी। घटना के बाद उसने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। आरोपी को इलाज के लिए Darbhanga Medical College and Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के वक्त आसपास के मजदूर मुर्गी फार्म में काम कर रहे थे। घर से चीख-पुकार सुनाई देने पर लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर खून से लथपथ चारों लोग पड़े मिले। प्रत्यक्षदर्शियों ने परिवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही Bihar Police की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि सिटी एसपी और सदर एसडीपीओ खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
@MUSKAN KUMARI






