तेज आंधी में हाई वोल्टेज तार पर गिरा पेड़, कुमेदपुर–बारसोई रेलखंड पर बड़ा हादसा टला

बिहार के कटिहार रेल मंडल के कुमेदपुर–बारसोई रेलखंड पर देर रात उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब तेज आंधी-बारिश के बीच एक विशाल पेड़ टूटकर हाई वोल्टेज ओवरहेड तार पर गिर पड़ा। घटना आजमनगर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 के पास हुई, जहां 25 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर पेड़ गिरते ही जोरदार चिंगारी उठी और धुआं फैल गया।

अचानक हुई इस घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

इसी दौरान ट्रेन संख्या 55708 राधिकापुर पैसेंजर, जो कटिहार से राधिकापुर जा रही थी, को एहतियातन आजमनगर स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन करीब एक घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही और यात्रियों को सुरक्षा कारणों से डिब्बों के भीतर ही रहने की सलाह दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। इसके बाद राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाया और क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत की, जिसके बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

 

 

Ad.
Ad.

 

गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ समय के लिए यात्रियों की सांसें थम गईं और रेल संचालन प्रभावित रहा। रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

@MUSKAN KUMARI

 

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल