बिहार सरकार के मंत्री लखींद्र पासवान ने आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। तेजस्वी यादव ने वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार को पुलिस द्वारा कथित तौर पर फर्जी मामले में फंसाने का आरोप लगाया था। इस पर मंत्री लखींद्र पासवान ने कहा कि जिस व्यक्ति को तेजस्वी यादव यूट्यूबर बता रहे हैं, वह कथित तौर पर आरजेडी युवा मोर्चा का प्रखंड उपाध्यक्ष है।

मंत्री ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कुंदन कुमार के रूप में करते हुए दावा किया कि पुलिस ने उसके घर से हथियार बरामद किया है। उन्होंने कहा कि कुंदन कुमार के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं। हालांकि, मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि कार्रवाई के दौरान जब्त हथियार की सीजर लिस्ट पर कुंदन कुमार का हस्ताक्षर नहीं लिया गया, जिसकी जांच पुलिस अपने स्तर पर कर रही है।

लखींद्र पासवान ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है और वे न किसी को फंसाते हैं और न किसी को बचाते हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव पर झूठ की राजनीति करने और अपने ही दल के कार्यकर्ता को यूट्यूबर बताकर राजनीतिक माहौल बनाने का आरोप लगाया।
वहीं, तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार को पुलिस ने फर्जी मामले में फंसाकर जेल भेज दिया। उन्होंने पुलिस पर परिवार के साथ अभद्रता और हिरासत में मारपीट के आरोप भी लगाए थे। तेजस्वी ने मंत्री लखींद्र पासवान पर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
@MUSKAN KUMARI





