बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 25 अगस्त को छात्रों द्वारा प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल छात्रों के आंदोलन का पूरा समर्थन करेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद 25 अगस्त को छात्रों के साथ सड़क पर उतरेंगे, तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी समय रहते दे दी जाएगी।
गर्दनीबाग में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्र परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। तेजस्वी ने सरकार से छात्रों के साथ संवाद करने की अपील करते हुए कहा कि बातचीत के बिना समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार कर्मचारियों को वेतन और पेंशनधारियों को पेंशन देने की स्थिति में भी नहीं रह सकती। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाया।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की राशि 4 लाख से घटाकर 2 लाख किए जाने पर तेजस्वी ने कहा कि यह योजना महागठबंधन सरकार ने सात निश्चय के तहत शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राशि घटाए जाने से सरकार की खराब आर्थिक स्थिति का पता चलता है।
तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार के प्रत्येक व्यक्ति पर करीब 27 हजार रुपये का कर्ज है। उन्होंने कहा कि राज्य की आय कम और खर्च ज्यादा है और सरकार उधार के सहारे चल रही है। महंगाई, संविदाकर्मियों और फायरिंग की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए।
@MUSKAN KUMARI





