डेढ़ करोड़ के जेवर और नकदी चोरी मामले में किन्नर समाज का हंगामा, हाजीपुर कलेक्ट्रेट पर धरना

हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र में एक ट्रांसजेंडर की कार से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद चोरी होने के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किन्नर समाज में भारी आक्रोश है। घटना के सात दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सैकड़ों ट्रांसजेंडरों ने हाजीपुर समाहरणालय परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बताया जाता है कि यह सनसनीखेज वारदात 12 जून की रात करीब आठ बजे हुई थी। पीड़िता सपना कुमारी ने सदर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। चोरी हुए गहने और नकदी किन्नर समाज की सामूहिक संपत्ति बताई जा रही है, जो विभिन्न मांगलिक अवसरों पर शगुन और नेग के रूप में प्राप्त हुए थे।

जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र की निवासी सपना कुमारी अपने चालक सौरभ कुमार के साथ एक्सयूवी कार से पटना से महुआ लौट रही थीं। इसी दौरान स्टेशन रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के समीप ‘ठक-ठक गैंग’ की तर्ज पर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। पहले एक व्यक्ति ने कार के रेडिएटर के पास कुछ फेंका और कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद दूसरे व्यक्ति ने गाड़ी से धुआं निकलने की बात कहकर चालक और सपना कुमारी को सतर्क किया।

Ad.
Ad.

 

धुआं निकलने की आशंका से दोनों वाहन से उतरकर बोनट खोलकर जांच करने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश कार की बीच वाली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद रखे थे। जब तक पीड़ितों को घटना की जानकारी हुई, तब तक अपराधी मौके से भाग चुके थे।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का भरोसा दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इससे नाराज किन्नर समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल समाहरणालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल