भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले निजी सुरक्षा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। सामानता सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्ड अस्पताल परिसर में जुटे और धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शनकारी सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि लंबे समय से अस्पताल की सुरक्षा का दायित्व निभाने के बावजूद उन्हें आवश्यक श्रमिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उनका कहना है कि वर्तमान वेतन बढ़ती महंगाई के अनुरूप नहीं है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है।
सुरक्षा कर्मियों ने वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, निर्धारित छुट्टियों की सुविधा, वर्दी उपलब्ध कराने तथा भविष्य निधि (पीएफ) की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली कई सुविधाओं से वे अभी भी वंचित हैं।

अस्पताल परिसर में बैनर और तख्तियों के साथ प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल अस्पताल परिसर में धरना जारी है और सुरक्षा कर्मी अपनी मांगों को लेकर एकजुट नजर आ रहे हैं।
वहीं, इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सुरक्षा कर्मियों के आंदोलन को देखते हुए अस्पताल परिसर की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
@MUSKAN KUMARI





