जहानाबाद। अपराध और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ जहानाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्तों पर शिकंजा और कस दिया है। भेलावर थाना कांड संख्या-194/26 में नामजद आठ फरार अभियुक्तों के घरों पर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान पूरे इलाके में पुलिस की सख्ती और प्रशासनिक सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही।
एसपी अपराजित लोहान की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उनकी निगरानी में ग्राम निसरपुरा में फरार अभियुक्तों के घरों पर विधिसम्मत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं घोषी भी उपस्थित रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
लंबे समय से फरार थे आठ अभियुक्त
जानकारी के अनुसार, भेलावर थाना कांड में नामजद आठ अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और लगातार न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहे थे। इसके बाद न्यायालय से प्राप्त आदेश के आलोक में पहले उनके घरों पर इश्तिहार चिपकाया गया और फिर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने घरों में मौजूद संपत्तियों का विधिवत आकलन करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
एसपी ने दी सख्त चेतावनी
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने फरार अभियुक्तों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे जल्द न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करें, अन्यथा आगे भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अपराधियों में हड़कंप, लोगों में बढ़ा भरोसा
पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।
जहानाबाद पुलिस की इस सख्ती से फरार अभियुक्तों और उनके सहयोगियों में हड़कंप का माहौल है, जबकि आम लोगों के बीच कानून व्यवस्था और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होने की चर्चा है।
@MUSKAN KUMARI





