जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमरा गांव में आयोजित एक जनेऊ (उपनयन) समारोह अब महज पारिवारिक कार्यक्रम न रहकर विवादों के केंद्र में आ गया है। 2 मई को आयोजित इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन, अश्लील डांस और नोटों की बारिश जैसे दृश्य सामने आए हैं।
इस समारोह में मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी बताई जा रही है। आरोप है कि उनके स्वागत के दौरान समर्थकों ने खुलेआम हथियार लहराए और जश्न मनाया। वायरल वीडियो में कुछ लोग भोजपुरी गानों की धुन पर नाचते-गाते नजर आ रहे हैं, वहीं मंच पर नर्तकियों द्वारा किए गए कथित अश्लील नृत्य ने भी मामले को और तूल दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह आयोजन मुखिया गुड्डू राय के पुत्र के उपनयन संस्कार के अवसर पर किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सहित कई कलाकारों की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI







