बिहार के गोपालगंज जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिसई गांव के पास सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके के लिए रवाना हुई पुलिस की सरकारी गाड़ी खुद हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में वाहन पर सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाने की पुलिस टीम सरकारी वाहन से एक दुर्घटना स्थल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिसई गांव के समीप अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। वाहन चालक ने नीलगाय को बचाने की कोशिश की, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

घायल सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल जवानों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस विभाग ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर माना जा रहा है कि अचानक सड़क पर आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
@MUSKAN KUMARI





