गोपालगंज में फूड पॉइजनिंग का मामला, फटे दूध से बना खाद्य पदार्थ खाने के बाद 8 बच्चों समेत 10 लोग बीमार

गोपालगंज: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के कीरतपुरा गांव में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। फटे दूध से बने एक खाद्य पदार्थ का सेवन करने के बाद 8 बच्चों सहित कुल 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कीरतपुरा गांव निवासी अनिल सहनी और रजानती देवी के घर से फटे दूध से तैयार किया गया खाद्य पदार्थ परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंचा था। इसे खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी, तेज पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर 10 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन सभी मरीजों को तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई जा रही है।

Ad.
Ad.

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बासी, खराब या संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें तथा भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल