गया: बिहार के गया जिला साइबर थाना पुलिस ने देशभर में करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डोभी थाना क्षेत्र के अमारुत गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विभिन्न फर्जी मोबाइल नंबरों और सिम कार्डों का इस्तेमाल कर अब तक ₹2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 286 रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया है।
साइबर डीएसपी अब्दुल रहमान दानिश ने बताया कि गया के एसएसपी सुशील कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी देशभर के लोगों के बैंक खातों से ऑनलाइन ठगी कर रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के 47 सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए गए। तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि इनमें से केवल 11 मोबाइल नंबरों के जरिए ही आरोपी ने करीब ₹2.91 करोड़ की ठगी की थी। पुलिस अब बरामद सिम कार्डों के स्रोत और इनके जरिए संचालित पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गौतम कुमार दास के खिलाफ बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी, फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े 22 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह लंबे समय से विभिन्न राज्यों की पुलिस के लिए वांछित था।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ गया साइबर थाने में नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके नेटवर्क, सहयोगियों और ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े बैंक खातों की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






