भागलपुर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को भागलपुर जिले के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रहे भूमि कटाव की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने हवाई दौरे के साथ कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री सबसे पहले हेलिकॉप्टर से भागलपुर हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से उनका काफिला सीधे राघोपुर के कटाव प्रभावित इलाके में पहुंचा। मौके पर मुख्यमंत्री ने गंगा के कटाव से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों की जमीनी हकीकत देखी।

कटाव निरोधी कार्यों में तेजी के निर्देश
राघोपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों से अब तक किए गए कटाव निरोधी और बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से नदी के बहाव, जलस्तर और संवेदनशील स्थानों की मौजूदा स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अति-संवेदनशील स्थानों पर कटाव रोकने के लिए जरूरी सामग्री और संसाधनों की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों की जान-माल की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

24 घंटे निगरानी, जरूरत पड़ने पर तत्काल होगा रेस्क्यू
सीएम ने अधिकारियों को गंगा के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने या कटाव तेज होने की स्थिति में बिना देरी राहत और बचाव अभियान शुरू किया जाए। इसके लिए संबंधित टीमों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन को पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम भी पूरी तरह मुस्तैद रही। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बदलती परिस्थितियों पर नजर रखते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
@MUSKAN KUMARI





