खगड़िया। जिले में गुरुवार को हुई तेज वज्रपात की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चौथम और बेलदौर प्रखंड में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पिता-पुत्र समेत कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेत में काम कर रहे तीन पीढ़ियों पर गिरी आफत
जिले के पौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली बहियार स्थित दुखहरण बाबा स्थान के समीप गुरुवार सुबह खेत में काम करने के दौरान अचानक ठनका गिर गया। इस हादसे में कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, उनके 26 वर्षीय पुत्र आशुतोष यादव तथा आशुतोष के 10 वर्षीय पुत्र अंकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में विमल यादव एवं सुशील कुमार समेत चार लोग झुलस गए। इनमें दो घायलों का इलाज चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि दो अन्य को बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
चौथम सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। वहीं पौरा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।

बेलदौर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत
इधर बेलदौर प्रखंड क्षेत्र में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
पहली घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी सरस्वती नगर वार्ड संख्या-7 स्थित लबघड़िया गांव में हुई, जहां एक ही परिवार के पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। इस हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में शंभू शर्मा, बेलो शर्मा, रुक्मणी देवी और रेखा देवी शामिल हैं। इनमें रेखा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं दूसरी घटना बलैठा पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित नागपुर गांव में हुई, जहां 18 वर्षीय मणि लाल कुमार की ठनका गिरने से मौत हो गई।
एक दुधारू गाय की भी हुई मौत
बेलदौर अंचलाधिकारी अमित कुमार ने दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा इतमादी पंचायत के भोरबथना गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक दुधारू गाय की भी मौत हो गई।
लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
@MUSKAN KUMARI






