मोहनिया (कैमूर): कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआरा बाजार स्थित खुशबू ज्वेलर्स में सोमवार को बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 40 से 45 हजार रुपये नकद लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
दुकान संचालक आशुतोष कुमार ने बताया कि एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और लॉकेट दिखाने को कहा। जैसे ही उन्होंने लॉकर खोला, युवक ने उनके सिर पर हथियार तान दिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान दो अन्य बदमाश भी दुकान में घुस गए। तीनों अपराधियों ने लॉकर में रखे जेवरात और नकदी को एक झोले में भरा और फरार होने लगे।

दुकानदार के अनुसार, जब उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना के बाद अपराधी मौके पर ग्लव्स, बुर्का, लेडीज पर्स और एक झोला छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस इन सामानों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
मोहनिया के एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि दोपहर में ज्वेलरी दुकान में लूट की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में करीब 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि वारदात में तीन अपराधी शामिल थे और फायरिंग की भी पुष्टि हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
@MUSKAN KUMARI






