पटना: कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से विधायक संजय गुप्ता के नए ‘केंद्रीय जनसेवा कार्यालय’ का भव्य उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने संयुक्त रूप से कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, देव-पूजन और हवन के साथ हुई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की गई।
उद्घाटन समारोह में भाजपा के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुशवाहा तथा शिक्षाविद एवं कुम्हरार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी के. सी. सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नए जनसेवा कार्यालय के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद जताते हुए विधायक संजय गुप्ता को शुभकामनाएं दीं।
कार्यालय उद्घाटन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ एक विशाल ‘गौरव जुलूस’ निकाला। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विधायक संजय गुप्ता पैदल मार्च करते हुए नवनिर्मित कार्यालय से अंबेडकर भवन तक पहुंचे। पार्टी के झंडों और राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच निकला यह जुलूस क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।

जुलूस के समापन पर अंबेडकर भवन स्थित दलित बस्ती में ‘समरसता भोज’ का आयोजन किया गया। विधायक संजय गुप्ता ने एक स्थानीय दलित कार्यकर्ता के घर जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और दलित बस्ती के लोग भी सह-भोज में शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत में विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि नया केंद्रीय जनसेवा कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि कुम्हरार की जनता की आकांक्षाओं और क्षेत्र के विकास का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि कार्यालय के दरवाजे हर नागरिक और कार्यकर्ता के लिए हमेशा खुले रहेंगे तथा यहां नियमित जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






