कटिहार जिले के आजमनगर स्थित आर.के. उच्च विद्यालय परिसर में संचालित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में गुरुवार को एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रशासनिक औपचारिकताओं तक खुद को सीमित न रखते हुए सीधे कक्षा में प्रवेश किया और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को पढ़ाया।
डीएम ने ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाते हुए छात्रों से पाठ्यक्रम से जुड़े कई सवाल पूछे और उनकी शंकाओं का समाधान किया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और पढ़ाई के स्तर का भी आकलन किया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करने के लिए साप्ताहिक परीक्षा आयोजित करने, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
डीएम की इस पहल से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने भी भरोसा दिलाया कि जिलाधिकारी के सुझावों को गंभीरता से लागू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
@MUSKAN KUMARI





