कटिहार में टीसी के बदले ‘दावत’ का आरोप, स्कूल में हंगामे के बाद जांच शुरू

कटिहार। जिले के आजमनगर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में टीसी (स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र) के बदले कथित तौर पर दावत मांगने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। छात्रा के आरोपों के बाद ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की।

आरोप है कि आठवीं पास एक छात्रा से टीसी जारी करने के बदले शिक्षकों ने पार्टी की मांग की। दबाव में छात्रा को अपने घर से मटन, मछली, चावल समेत अन्य खाद्य सामग्री बनवाकर स्कूल लानी पड़ी। इसके बाद विद्यालय परिसर में कथित तौर पर शिक्षकों ने दावत की।

घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के बच्चों पर इस तरह का दबाव बनाना बेहद शर्मनाक है। ग्रामीणों का कहना था कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Ad.
Ad.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल परिसर में काफी देर तक हंगामा, नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मामले की सूचना मिलते ही आजमनगर बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सरोज कुमार और थाना अध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

बताया जा रहा है कि छात्रा के आरोपों की आंशिक पुष्टि कुछ शिक्षकों द्वारा भी की गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। प्रशासन ने कहा है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज है। लोग शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल