पटना में रहस्यमयी मौत मामले में नया खुलासा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पुनाईचक लिंक रोड में कचरे के ढेर से बरामद युवती के शव मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतका की पहचान फुलवारी शरीफ निवासी करीब 18 वर्षीय युवती के रूप में की है। परिजनों ने उसके कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की।
जानकारी के मुताबिक युवती अपनी मां और भाई के साथ पटना सिटी इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। परिजनों का कहना है कि पटना जंक्शन के पास अचानक भीड़ में वह लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और पुलिसिया प्रक्रिया के डर से परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई थी।

मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी अचानक भीड़ में गायब हो गई थी। परिवार के अनुसार युवती के पिता टेंपो चालक हैं और परिवार बेहद गरीब है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, जिसमें कुछ संदिग्ध वाहनों की पहचान होने की बात सामने आ रही है। अब पुलिस उन वाहनों और उनसे जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई थी। वहीं परिजनों ने युवती के साथ गलत काम किए जाने और हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवती की मौत हादसा थी, हत्या या फिर किसी बड़े अपराध को छिपाने की कोशिश। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
@MUSKAN KUMARI





