औरंगाबाद में बड़ा हादसा: बच्चों से भरी स्कूल वैन 15 फीट गहरी नहर में गिरी, 13 छात्र घायल; चालक फरार

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंबा-नवीनगर मार्ग पर तामसी मोड़ के पास बच्चों से भरी एक स्कूली मैजिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 13 स्कूली बच्चे घायल हो गए। शुरुआती जानकारी में तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई गई थी, लेकिन चिकित्सकों के अनुसार अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक, संत जेवियर हाई स्कूल की वैन कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। तामसी मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वैन सड़क से नीचे नहर में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में उतर गए और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस बीच वैन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

Ad.
Ad.

हादसे में घायल 5 वर्षीय आरबी प्रताप, 12 वर्षीय हर्ष कुमार और 7 वर्षीय मौली कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद कुटुंबा रेफरल अस्पताल से औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बाद में बताया कि सभी बच्चों की हालत स्थिर है और किसी की जान को फिलहाल खतरा नहीं है।

Ad.
Ad.

घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों के परिवहन के लिए पुराने और जर्जर वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि वैन में उसकी निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। स्कूल के एक शिक्षक ने भी स्वीकार किया कि वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और फरार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निजी स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराई जाए और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल