पटना: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पटना पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए आम जनता का भरोसा जीता है। अभियान के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र से बरामद किए गए 39 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पटना नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) सुश्री दीक्षा ने बताया कि ये सभी मोबाइल वर्ष 2025 से मार्च 2026 के बीच चोरी या गुम हुए थे। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सक्रियता के जरिए इन मोबाइलों को विभिन्न स्थानों से ट्रैक कर बरामद किया। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के जरिए अब तक हजारों लोगों को राहत मिल चुकी है। कई चरणों में करोड़ों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इस पहल का उद्देश्य सिर्फ चोरी गई संपत्ति को वापस करना ही नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना भी है।
मोबाइल वितरण के दौरान सिटी एसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों या सड़कों पर मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी से करें, क्योंकि झपटमार हमेशा मौके की तलाश में रहते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि नागरिकों की जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार है। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पटना पुलिस का आभार जताते हुए इस अभियान को बेहद प्रभावी बताया। वहीं, पुलिस की तकनीकी टीम अन्य गुम मोबाइलों को ट्रैक करने में लगातार जुटी हुई है, ताकि आगे भी लोगों को राहत दी जा सके।
@MUSKAN KUMARI






