आरा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 52 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान ओम प्रकाश उर्फ प्रकाश माली के रूप में हुई है, जो भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्ती और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एएसआई रविंद्र कुमार गुप्ता, आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर राजू प्रसाद और अन्य जवान प्लेटफार्म पर जांच कर रहे थे।
जैसे ही पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर 1 स्थित शौचालय के पास पहुंची, वहां एक युवक नीले-काले रंग का पिठ्ठू बैग लेकर खड़ा दिखा। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा। भागने के दौरान वह ट्रैक पर गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम ओम प्रकाश उर्फ प्रकाश माली, उम्र 26 वर्ष, पिता ललन भगत, निवासी एकता नगर ए नाइट वार्ड नंबर 44, थाना नवादा, जिला भोजपुर बताया। जब पुलिस ने उसके बैग के बारे में पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से 8PM Gold Pocket Pack नाम की विदेशी शराब की 52 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी। सभी बोतलों पर उत्तर प्रदेश का लेबल लगा था और कुल 9.36 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके पर ही तलाशी सूची और गिरफ्तारी से संबंधित सभी कागजात तैयार किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आरा रेल थाना में कांड संख्या 114/26 दिनांक 06/05/2026 के तहत बिहार मद्य निषेध संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 30(a) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एसआई विजेंद्र दास को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। नवादा थाना में वर्ष 2019 और 2024 के मामलों के अलावा बक्सर जिले के नैनीजोर ओपी में भी 2023 में शराब तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज है।
@MUSKAN KUMARI







